Joint-Venture of Khabar Bharti Pvt Ltd RNI :- UPHIN49213

पांच साल बाद भर्ती, उम्र में तीन साल की छूट, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब – The DNA News

पांच साल बाद भर्ती, उम्र में तीन साल की छूट, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 60244 पदों की पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2023 की आयु सीमा में पांच वर्ष छूट की मांग में दाखिल याचिका पर राज्य सरकार और पुलिस भर्ती बोर्ड से जवाब मांगा है। यह आदेश न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया ने जयप्रकाश व अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर अधिवक्ता अनिरुद्ध पांडेय को सुनकर दिया है।याचिका के अनुसार 60244 पदों की उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती 2023 की आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दी गई है। जबकि यह भर्ती पांच वर्ष बाद आई है। यह भी कहा कि पूर्व में राज्य सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में मनीष कुमार बनाम यूनियन ऑफ इंडिया में दाखिल हलफनामे में हर वर्ष आरक्षी भर्ती आयोजित करने की बात कही थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

60244 पदों पर हो रही है भर्ती
यूपी सरकार ने बीते 23 दिसंबर को यूपी पुलिस की बंपर भर्तियां निकालीं थीं। इसमें 60244 पदों पर भर्ती होनी है। कई पद महिलाओं के लिए भी आरक्षित किए गए थे। 23 दिसंबर से ही इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी। इन पदों के लिए 27 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन भी मांगे गए थे। आवेदन की अंतिम तिथि 16 जनवरी 2024 है। बोर्ड ने शुल्क समायोजन एवं आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 18 जनवरी 2024 तय की है। आनलाइन आवेदन बोर्ड की वेबसाइट (https://uppbpb.gov.in) पर करना होगा।

खिलाड़ी कोटे से 637 पदों के लिए जारी हुआ था आवेदन
23 दिसंबर को यूपी पुलिस भर्ती की अधिसूचना में खिलाड़ी कोटे में भर्ती प्रक्रिया का आवेदन जारी किया था। जानकारी के अनुसार पुलिस एवं पीएसी में कुशल खिलाड़ी कोटे से सिपाही के 546 और उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) के 91 पदों पर भर्ती के लिए भी आनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। सिपाही के पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पहली जनवरी 2024 और उप निरीक्षक के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नौ जनवरी 2024 तय की गई थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। आवेदन के लिंक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए हैं। सिपाही के कुल 546 पदों में से 372 पद नागरिक पुलिस में सिपाही और 174 पद पीएसी में सिपाही के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *